
बिच्छू डॉट कॉम। आयकर इन्वेस्टीगेशन विंग ने टैक्स चोरी के मामले में इंदौर, कटनी, जबलपुर और मंडला के 12 ठिकानों पर छापे की कार्रवाई शुरू की है। विभाग ने पहली बार टिंबर कारोबारी और आरा मशीन संचालकों पर दबिश दी है। छापामारी में बादशाह ऐप के जरिए हो रही करोड़ों रुपए की टैक्स चोरी और लकड़ी के अवैध कारोबार से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। प्रदेश के विभिन्न शहरों में लकड़ी के कारोबार के जरिए करोड़ों की टैक्स चोरी विभाग के निशाने पर थी। जांच में स्टॉक और बुक्स आफ एकाउंट्स में भारी अंतर मिला है। यह भी खुलासा हुआ है कि इन कारोबारियों ने अपने हिसाब-किताब में हेरा-फेरी के लिए विशेष बादशाह सॉफ्ट बिजनेस मैनेजमेंट ऐप का सहारा लिया। इसमें बिल भुगतान मशीनों के जरिए टैक्स चोरी की जा रही थी। इस ऐप में कैश बिक्री और अघोषित कारोबार को छिपाने के लिए अलग से फीचर मिला है।
