
बिच्छू डॉट कॉम। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं। गुरुवार को नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद यह स्पष्ट हो गया कि उनके मुकाबले मैदान में कोई अन्य उम्मीदवार नहीं बचा है। रिटर्निंग ऑफिसर उमेश कुमार शर्मा ने भोपाल स्थित मध्यप्रदेश विधानसभा में हरदीप सिंह पुरी को आधिकारिक निर्वाचन प्रमाणपत्र सौंपा। इस दौरान राज्य भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री और विधायक मौजूद रहे। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश की यह राज्यसभा सीट केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी, जिनका कार्यकाल मूल रूप से अप्रैल 2030 तक था। खाली हुई इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा था, जिसके लिए भारतीय जनता पार्टी ने हरदीप सिंह पुरी को अपना प्रत्याशी बनाया था। उपचुनाव में पुरी के अलावा दो अन्य कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों राजकुमार लोहानी और कांते सयन्ना ने भी अपने पर्चे दाखिल किए थे। हालांकि, दोनों के पर्चे खारिज कर दिए गए।
