
सीएम मोहन यादव सरकार के ढाई साल पूरे होने पर विभागों के कामकाज की बड़ी समीक्षा करने जा रहे हैं। सीएम सचिवालय द्वारा तैयार 45 सूत्रीय एजेंडे पर आधारित बैठक 14 मई को होगी। इसमें मंत्री और विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में आगामी ढाई साल की कार्ययोजना और लंबित फैसलों पर चर्चा होगी। बैठक में आरजीपीवी और जबलपुर मेडिकल यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण के लिए भोपाल, उज्जैन और जबलपुर में तीन केंद्र बनाने का प्रस्ताव चर्चा में रहेगा। कैंसर अस्पतालों को बढ़ावा देने के लिए नई नीति, स्वामित्व योजना के तहत 50 लाख पट्टों का वितरण और महिलाओं के नाम नि शुल्क रजिस्ट्री की योजना पर भी विचार होगा। जनवरी 2027 में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट को लेकर भोपाल में आईटी नॉलेज सिटी और उज्जैन में डीप टेक पार्क प्रोजेक्ट की समीक्षा होगी।
