
बिच्छू डॉट कॉम। कॉलेज जाने के लिए घर से निकली 19 वर्षीय छात्रा की एक सिरफिरे युवक ने सरेराह दराट से कई वार कर निर्मम हत्या कर दी। आरोपी ने छात्रा के गले में बाईं तरफ सात से आठ बार वार किए, जिससे गर्दन लगभग धड़ से अलग ही हो गई और बचाव में उठाया गया हाथ भी बुरी तरह कट गया। छात्रा के घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर वारदात के बाद पूरे इलाके में जनाक्रोश भडक़ गया। पुलिस को स्थिति संभालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया लेकिन गुस्साए लोगों ने सोमवार देर शाम सरकाघाट-घुमारवीं हाईवे पर मौहीं में चक्का जाम कर दिया। पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फिलहाल हत्या के कारण साफ नहीं हो पाए हैं। मंगलवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। दिल दहला देने वाली यह वारदात मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल की गोपालपुर पंचायत के बैंजी गांव में सोमवार सुबह करीब 9:15 बजे की है। छात्रा स्थानीय कॉलेज में बीवॉक प्रथम वर्ष में पढ़ रही थीं और एसएफआई की पदाधिकारी थीं। आरोपी युवक की पहचान विकास उर्फ रिशु पटियाल (35) निवासी गांव थिरों डाकघर गोपालपुर तहसील सरकाघाट के रूप में हुई है।
