नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता विवाद व टीईटी मुद्दा सुलझाने का भरोसा दिया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मप्र शिक्षक संघ और भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता और टीईटी विवाद पर चर्चा की। बैठक के बाद सरकार ने संकेत दिए कि शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री निवास पर हुई इस बैठक में प्रतिनिधियों ने नियुक्ति तिथि से वरिष्ठता निर्धारण और टीईटी से जुड़ी विसंगतियों का मुद्दा उठाया। बैठक में डॉ. क्षत्रवीर सिंह राठौर, राजीव शर्मा और कुलदीप सिंह गुर्जर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। चर्चा के बाद मुख्यमंत्री ने संकेत देते हुए कहा कि सरकार मामले में सुप्रीम कोर्ट में रिव्यू पिटीशन दाखिल करेगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि शिक्षकों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। बैठक के बाद शिक्षक संगठनों ने भी रुख नरम किया है और प्रदेश के शिक्षकों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। उनका कहना है कि सरकार अब इस मुद्दे पर सक्रियता से काम कर रही है, जिससे समाधान की उम्मीद जगी है। गौरतलब है कि प्रदेश में बड़ी संख्या में शिक्षक ऐसे हैं जिनकी पदोन्नति, वेतन वृद्धि और अन्य सेवा लाभ वरिष्ठता विवाद के कारण अटके हुए हैं।

Related Articles