
जैसे कौरवों ने द्रौपदी का चीर हरण कर नारी अपमान किया, वैसा ही बीते दिनों कांग्रेसियों ने संसद में किया। नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल का विरोध करके कांग्रेसियों ने देश की महिलाओं का अपमान किया है। तीन तलाक के मामले में भी राहुल गांधी के पिता ते बहनों के भत्तों का विरोध करते हुए सुप्रीम कोर्ट के आदेश को ठुकराया था। इसलिए बहनों गांठ बांधकर रखना। जिस दिन जरूरत पड़ी तो कांग्रेस से हिसाब जरूर लेना। यह बात सीएम डॉ. मोहन यादव ने सागर जिले के नरयावली में सांदीपनि स्कूल के लोकार्पण कार्यक्रम में कही। सीएम ने नरयावली में 63.41 करोड़ रुपए के 75 निर्माण कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया। यहां सीएम ने कड़ान सिंचाई परियोजना के पुनरीक्षण की घोषणा की, जिसमें 240 करोड़ रुपए खर्च होंगे और 30 हजार हेक्टेयर जमीन सिंचित होगी। मकरोनिया चौराहे पर फ्लाई ओवर बनाने सहित पुल, सडक़ जैसे कार्यों की घोषणा की। सीएम ने कहा, युद्ध के हालातों के बीच किसान चिंता न करें किसान का दाना-दाना सरकार खरीदेगी।
