
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हम किसानों से गेहूं के साथ ही चना-मसूर की भी खरीदी कर रहे हैं। कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों ने 55 वर्ष में गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) मात्र 400 रुपए तक बढ़ाया। इतनी वृद्धि तो हमने पिछले दो वर्ष में ही कर दी। 2024 में 2200 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदा। इस साल 2625 रुपए के दाम से खरीद रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह भी कहा कि कांग्रेस को प्रदेश की जनता और किसानों से माफी मांगनी चाहिए। उनकी सरकारों के दौर में लोगों को न तो बिजली मिलती थी, न ही पीने और सिंचाई के लिए पानी। हमारी सरकारों ने प्रदेश में सडक़, बिजली, सिंचाई और सबको स्वच्छ पीने का पानी मुहैया कराने के लिए तेजी से काम किया है। प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय भी तेजी से बढ़ी है। महिलाओं के सम्मान और उन्हें सशक्त बनाने में भी अभूतपूर्व निर्णय हुए। सीएम रविवार को पीएम मोदी का कार्यक्रम मन की बात सुनने के बाद मीडिया से चर्चा कर रहे थे।
