
दतिया विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की हार के बाद पार्टी के भीतर मंथन का दौर जारी है। इसी बीच भाजपा की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री इमरती देवी ने चुनाव परिणाम को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा चुनाव जीत रही थी लेकिन पार्टी के ही कुछ लोगों के भीतरघात के कारण हार का सामना करना पड़ा। इमरती देवी ने कहा- हम चुनाव अच्छे तरीके से जीत रहे थे लेकिन हमारी ही पार्टी के कुछ लोगों ने भीतरघात कर चुनाव हरवा दिया। ऐसे लोगों से पार्टी को सावधान रहने की जरूरत है। पूर्व मंत्री के इस बयान के बाद भाजपा की अंदरूनी राजनीति और संगठनात्मक स्थिति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इमरती देवी ने अपने बयान में किसी नेता या कार्यकर्ता का नाम नहीं लिया लेकिन उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी के भीतर ऐसे लोगों की पहचान जरूरी है, जिन्होंने चुनाव के दौरान संगठन के हितों के विपरीत काम किया।
