
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अगले एक वर्ष में युवाओं को एआई स्किल की ट्रेनिंग दी जाएगी। वहीं, 5 से 15 वर्ष तक के बच्चों में खेल प्रतिभाओं की तलाश के लिए गांव, शहर और स्कूलों में टैलेंट हंट चलेगा। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को अनौपचारिक कैबिनेट में मंत्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क ऑनलाइन कोचिंग का नेटवर्क तैयार किया जाएगा। नशामुक्त भारत के लिए 100 सप्ताह का अभियान चलाने के साथ नागरिकों को आपदा से बचाने के लिए सिविल डिफेंस का मजबूत वॉलंटरी नेटवर्क बनेगा। सीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के क्रियान्वयन में डिंडौरी जिला देश में प्रथम रहा है। उन्होंने कृषि विभाग और डिंडौरी की टीम को बधाई देते हुए अन्य जिलों को डिंडौरी मॉडल अपनाने के निर्देश दिए।
