मध्य प्रदेश राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (मप्र-सिया) की ओर से दी गई 237 डीम्ड पर्यावरण मंजूरियों का अब नए सिरे से मूल्यांकन किया जाएगा। मप्र-सिया के चेयरमैन एसएनएस चौहान ने बताया कि प्रक्रिया इसी माह शुरू होगी। सभी मामलों की दोबारा जांच के बाद यह तय किया जाएगा कि कौन-सी परियोजना पर्यावरण मंजूरी के मानकों पर खरी उतरती है और कौन-सी नहीं। जो परियोजनाएं निर्धारित मानकों को पूरा करेंगी उन्हें ही मंजूरी जाएगी। यदि जांच में यह सामने आता है कि किसी ऐसी परियोजना को मंजूरी दी गई थी। जिसे अनुमति नहीं दी जानी चाहिए थी, तो मंजूरी रद कर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई भी की जा सकती है। इस पूरे मामले में सबसे बड़ी चुनौती यह है कि डीम्ड मंजूरियां मिलने के बाद कई परियोजनाओं में काफी काम आगे बढ़ चुका है। ऐसे में दोबारा मूल्यांकन के दौरान केवल यह देखना ही महत्वपूर्ण नहीं होगा कि परियोजना पर्यावरणीय मानकों पर खरी उतरती है या नहीं, बल्कि पहले हो चुके काम को देखते हुए आगे की कार्रवाई भी अहम होगी।
