राज्य निर्वाचन आयोग ने आगर मालवा जिले की नगर परिषद सुसनेर के अध्यक्ष पद को छोडक़र बाकी सभी नगरीय निकायों के उपचुनाव स्थगित कर दिए हैं। आयोग ने यह निर्णय मंगलवार को कलेक्टरों की रिपोर्ट के आधार पर लिया। इसकी वजह बाढ़ और सुरक्षा संबंधी कारण बताए गए हैं। आयोग अगले सप्ताह तक स्थगित उपचुनावों के संबंध में नया कार्यक्रम जारी करेगा। सुसनेर नगर परिषद के अध्यक्ष का चुनाव हाई कोर्ट के निर्देशानुसार कराना अनिवार्य है। त्रिस्तरीय पंचायतों के उपचुनाव कार्यक्रम में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। उपचुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ मंगलवार से नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया शुरू हो गई। सुसनेर नगर परिषद के अध्यक्ष पद और पंचायतराज संस्थाओं के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इनका मतदान 29 सितंबर को होगा। शेष नगरीय निकायों में चुनाव स्थगित कर दिए गए हैं। टीकमगढ़ जिले की नगरपालिका परिषद टीकमगढ़, धार जिले की नगर परिषद कुक्षी के अध्यक्ष पद के साथ नगर निगम इंदौर के वार्ड 58 और 60, नगर निगम ग्वालियर के वार्ड 5, नगर निगम सागर के वार्ड 11, नगर निगम कटनी के वार्ड 41, नगर निगम खंडवा के वार्ड 34, नगर पालिका दमोह के वार्ड 12, इटारसी के वार्ड 30, मुलताई के वार्ड 4, दतिया के वार्ड 1, कोतमा के वार्ड 13, आष्टा के वार्ड 4 और विदिशा के वार्ड 26 के पार्षद पद के उपचुनाव स्थगित किए गए हैं।
