
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। प्रदेश सरकार ने एडीजी ए. साईं मनोहर के रिटायर होने के बाद एडीजी के रिक्त हुए एक पद पर निरंजन वायंगणकर को प्रमोट किया है। वे 1999 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वायंगणकर अब तक आईजी सायबर के पद पर पदस्थ थे। मंगलवार को जारी प्रमोशन ऑर्डर के बाद उन्हें एडीजी सायबर की जिम्मेदारी दी गई है। वायंगणकर प्रदेश सरकार के सबसे सीनियर आईजी थे। महाराष्ट्र डेपुटेशन के बाद उनका सीआर खराब हुआ था, जिसके चलते वे अपने बैचमेट से 9 साल पीछे हो गए थे। इसी साल एक जनवरी को निरंजन बी. वायंगणकर को डीआईजी से पदोन्नत कर आईजी बनाया गया था। अब ठीक 9 माह बाद वे एडीजी बन गए।
रिटायरमेंट के 12 घंटे बाद ही मिली नई जिम्मेदारी
सोमवार को एडीजी इंटेलिजेंस के पद से रिटायर हुए ए. साईं मनोहर को सेवानिवृत्ति के 12 घंटे बाद ही सरकार ने मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त कर दिया। जारी आदेश के अनुसार उनका मुख्यालय दिल्ली में होगा। वे दिल्ली स्थित एमपी भवन से कामकाज संभालेंगे। ए. साईं मनोहर सीएम के सबसे भरोसेमंद अफसरों में से एक रहे हैं और उनके रिटायरमेंट से पहले ही सलाहकार के पद पर नियुक्ति की चर्चाएं चलने लगी थीं। मंगलवार को कैबिनेट ने उनकी नियुक्ति के संबंध में लाए गए प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। गौरतलब है कि सांई मनोहर ने मुख्यमंत्री के सामने रिटायर होने के बाद नई दिल्ली में पोस्टिंग किए जाने का अनुरोध किया था। अब तक दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में एसपी स्तर का एक ही अधिकारी तैनात रहता है।
