प्रत्याशी पर सस्पेंस बरकरार एकता का अलापा राग

  • चुनावी रंग में रंगा दतिया, मैदानी मोर्चे पर कांग्रेस ने बढ़ाई सक्रियता

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। दतिया विधानसभा उपचुनाव के साथ मध्य प्रदेश की सियासत पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गई है। लंबे समय से पार्टी के भीतर गुटबाजी और नेतृत्व को लेकर उठ रहे सवालों के बीच कांग्रेस ने दतिया से एकजुटता का बड़ा राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शनिवार को एक साथ दतिया पहुंचे और कार्यकर्ता सम्मेलन के जरिए चुनावी अभियान का औपचारिक आगाज किया। करीब चार घंटे की देरी से दोनों नेता कार्यक्रम स्थल पहुंचे, लेकिन उनके इंतजार में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता डटे रहे। स्वागत के बाद दोनों नेताओं ने मंच साझा किया और पार्टी के भीतर किसी भी तरह के मतभेद से इनकार करते हुए कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत पसंद-नापसंद छोडकऱ केवल कांग्रेस के चुनाव चिन्ह हाथ के पंजे के लिए काम करने का आह्वान किया। राजनीतिक जानकार इसे केवल चुनावी सम्मेलन नहीं, बल्कि कांग्रेस के भीतर एकजुटता का सार्वजनिक प्रदर्शन मान रहे हैं। हाल के महीनों में कांग्रेस के भीतर कई मुद्दों पर मतभेद सार्वजनिक रूप से सामने आए थे।

राज्यसभा चुनाव के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी के बीच बयानबाजी चर्चा में रही थी। वहीं प्रदेश में कथित भूमि घोटाले के मुद्दे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को घेरने की रणनीति को लेकर भी दिग्विजय सिंह और जीतू पटवारी के अलग-अलग रुख की चर्चा हुई थी। इन्हीं घटनाक्रमों के बाद भाजपा लगातार कांग्रेस की अंदरूनी कलह को मुद्दा बना रही थी। ऐसे माहौल में दोनों वरिष्ठ नेताओं का एक साथ मंच साझा करना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यकर्ता सम्मेलन का सबसे बड़ा सवाल कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर रहा। कार्यकर्ताओं को उम्मीद थी कि मंच से उम्मीदवार के नाम की घोषणा हो सकती है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सम्मेलन के दौरान जीतू पटवारी ने कई बार कार्यकर्ताओं से पूछा, प्रत्याशी घोषित कर दूं क्या? हर बार कार्यकर्ताओं ने जोरदार आवाज में नाम घोषित करने की मांग की, लेकिन पटवारी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया—उन्होंने कहा कि पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी 13 जुलाई को नामांकन दाखिल करेगा। पहले उन्होंने 12 जुलाई का जिक्र किया, लेकिन बाद में याद दिलाए जाने पर कि उस दिन रविवार है, उन्होंने तारीख सुधारते हुए अंतिम दिन 13 जुलाई को नामांकन दाखिल करने की घोषणा की। हालांकि उन्होंने इतना जरूर कहा कि चेहरा कौन होगा, आप सब जानते हैं। इस बयान के बाद टिकट को लेकर अटकलें और तेज हो गईं।

Related Articles