प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी की कार्यशैली पर उठे सवाल

हरीश चौधरी
  • कांग्रेस की समीक्षा बैठक में सामने आई अंदरुनी कलह

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मप्र कांग्रेस में अंदरूनी असंतोष फिर सामने आ गया। गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित विभागों और प्रकोष्ठों की समीक्षा बैठक के दौरान किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र चौहान ने प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल जी-हुजूरी और स्वागत-सत्कार से सरकार नहीं बनती। उनके इस बयान से बैठक का माहौल कुछ देर के लिए गर्मा गया। सूत्रों के अनुसार, बैठक में कांग्रेस के विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष मौजूद थे। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश संगठन महामंत्री डॉ. संजय कामले कर रहे थे, जबकि प्रदेश सह-प्रभारी सुनील दत्त भी उपस्थित थे। समीक्षा के दौरान सभी प्रकोष्ठों से उनके कामकाज और संगठनात्मक गतिविधियों की रिपोर्ट ली जा रही थी। इसी दौरान धर्मेंद्र चौहान ने अपनी बात रखते हुए संगठन की कार्यशैली पर नाराजगी जाहिर की। बताया जाता है कि चौहान ने सीधे तौर पर प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी का नाम लेते हुए कहा कि पार्टी को सत्ता में वापस लाने के लिए जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करना जरूरी है।
घटनाक्रम से इंकार
चौहान के इस बयान पर प्रदेश संगठन महामंत्री डॉ. संजय कामले ने तत्काल हस्तक्षेप किया। उन्होंने कहा कि यह इस तरह की बातें करने का मंच नहीं है और बैठक का उद्देश्य केवल विभागों एवं प्रकोष्ठों के कामकाज की समीक्षा करना है। इस पर चौहान ने जवाब दिया कि यदि पार्टी की आंतरिक बैठक में भी कार्यकर्ता अपनी बात नहीं रखेंगे तो फिर अपनी बात कहां रखेंगे। किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र चौहान ने बाद में इस पूरे घटनाक्रम से इनकार किया। उन्होंने कहा कि बैठक में ऐसा कुछ नहीं हुआ। उनके मुताबिक संगठन को लेकर सामान्य चर्चा हुई और उन्होंने केवल अपने विभाग की रिपोर्ट प्रस्तुत की।

Related Articles