अपराधियों को जल्द सजा दिलाने पुलिस लेगी रंगों की मदद

पुलिस
  • लाल, नारंगी और पीले रंग में आएंगी पॉजिटिव रिपोर्ट

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। प्रदेश में अब अपराधियों को तेजी से सजा दिलाने के लिए पुलिस रंगों की भी मदद लेगी। पॉक्सो एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों की फॉरेंसिक जांच में होने वाली देरी को खत्म करने के लिए पुलिस मुख्यालय ने नया कलर कोडिंग सिस्टम लागू करने का फैसला लिया है। एडीजी (तकनीकी सेवाएं) केपी वेंकटेश्वर राव के द्वारा सभी जिलों के एसपी, भोपाल-इंदौर के पुलिस कमिश्नर और जबलपुर, इंदौर और भोपाल के एसपी (रेल) एवं एफएसएल के निदेशक को इस संबंध में लिखित आदेश जारी किया गया है। इस फरमान के अनुसार अब एफएसएल रिपोर्ट और सैंपल की जांच के बाद वापसी के लिए गंभीरता के आधार पर रंगों का चयन किया गया है। यह नई व्यवस्था जांच के लिए एफएसएल लैब में जाने वाले सैंपल की रिपोर्ट में देरी की शिकायतों के बाद ली गई है, जिनके चलते कई गंभीर मामलों में पुलिस की कार्रवाई अटक जाती है।
जघन्य अपराधों के लिए रेड और जहर के लिए ऑरेंज मार्किंग
एडीजी राव के मुताबिक पॉक्सो एक्ट, हत्या और बलात्कार जैसे जघन्य अपराधों के सैंपल्स पर अब लाल रंग का निशान होगा, ताकि इन्हें प्राथमिकता के आधार पर तुरंत जांच कर इसकी रिपोर्ट के साथ वापस किया जा सके। इसके अलावा मौत से जुड़े ऐसे मामले जिनके सैंपल में जहर पाया गया हो, उसे अब नारंगी रंग से मार्क किया जाएगा। अपराध में संलिप्तता जाहिर करने वाले अन्य पॉजिटिव सैंपल की रिपोर्ट पर पीले रंग का चिन्ह लगाया जाएगा। इसके साथ ही इन तीनों रंगों की रिपोर्ट और सैंपल तत्काल संबंधित थानों को वापस भेजे जाएंगे। इसके साथ ही जांच को तेज करने के लिए अब एफएसएल रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर इसका सीधा अलर्ट संबंधित पुलिस स्टेशन को भेजा जाएगा।

Related Articles