
- राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित, 9 लाख से ज्यादा घर पूरे
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सभी के लिए आवास के संकल्प को साकार करने की दिशा में प्रतिबद्धता के परिणाम स्वरूप मध्य प्रदेश को प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया है। विश्व आवास दिवस के अवसर पर विज्ञान भवन नई दिल्ली में आयोजित समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने मप्र को यह पुरस्कार प्रदान किया। प्रदेश की ओर से नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे और राज्य मिशन संचालक, प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी शिशिर गेमावत ने पुरस्कार ग्रहण किया।
वारासिवनी को भी राष्ट्रीय स्तर पर किया गया सम्मानित: इसी समारोह में एक लाख से कम जनसंख्या वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में बीएलसी घटक के अंतर्गत सर्वाधिक आवास पूर्ण करने पर नगर पालिका परिषद वारासिवनी को भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (पीएमएवाई-यू) के बीएलसी घटक के प्रभावी क्रियान्वयन और स्वीकृत आवासों के विरुद्ध सर्वाधिक आवास पूर्ण करने पर मप्र को यह सम्मान मिला है। आयुक्त संकेत भोंडवे ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के माध्यम से प्रदेश के लाखों शहरी परिवारों के पक्के आवास का सपना साकार हुआ है। मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में योजना का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया है। मिशन संचालक गेमावत द्वारा बताया गया कि प्रदेश में योजना के विभिन्न घटकों के अंतर्गत 10 लाख से अधिक आवास स्वीकृत किए गए हैं, जबकि नौ लाख से अधिक आवासों का निर्माण पूर्ण हो चुका है।
