- शहर-शहर, स्कूल-स्कूल एक टैलेंट हंट अभियान चलाया जाएगा

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से जो संकल्प घोषित किए हैं, उनकी सिद्धि में मध्यप्रदेश अपना अधिकतम योगदान देगा। पांच से 15 उम्र के बच्चों में खेल प्रतिभा ढूंढने के लिए गांव-गांव, शहर-शहर, स्कूल-स्कूल एक टैलेंट हंट का अभियान चलाया जाएगा, बच्चों की प्रतिभा को देखा जाएगा और फिर उनको स्पेशल ट्रेनिंग देकर अच्छा खिलाड़ी बनाया जाएगा। युवाओं के लिए विभिन्न परीक्षाओं की फ्री ऑनलाइन कोचिंग कराने का निर्णय लिया गया है, जिसमें संसाधनों को जोड़ कर नौजवानों को फ्री कोचिंग देने का पूरा नेटवर्क खड़ा किया जाएगा। एक वर्ष में एक करोड़ युवाओं को एआई स्किल के लिए ट्रेनिंग दी जाएगी जिससे युवाओं में एआई की दुनिया में भी नेतृत्व करने का सामर्थ्य हो। नशा मुक्त भारत का 100 सप्ताह का एक बड़ा अभियान चलाया जाएगा। सिविल डिफेंस का एक वाइब्रेंट नेटवर्क खड़ा किया जाएगा। आधुनिक संकटों से नागरिकों की रक्षा करने के लिए बड़ा वॉलंटरी फोर्स बनाया जाएगा। डॉ यादव मंत्रिपरिषद की बैठक से पहले मंत्रिगण को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि केन्द्र सरकार की अनेक महत्वाकांक्षी हितग्राही मूलक योजनाओं में मध्यप्रदेश देशभर में अग्रणी है। प्रदेश ने कृषि वर्ष में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री धन-धान्य क्रियान्वयन योजना में प्रदेश का डिण्डौरी जिला पूरे देश में प्रथम स्थान पर आया है। डॉ यादव ने कृषि विभाग और डिण्डौरी जिले की पूरी टीम को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अन्य सभी जिले भी डिण्डौरी मॉडल का अनुसरण कर इस योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। डॉ यादव ने बताया कि बैठक में धार जिले में विकसित हो रहे देश के पहले मेगा पीएम मित्र पार्क के विकास कार्यों की सराहना की गई। विक्रम उद्योगपुरी उज्जैन में भी देश की प्रतिष्ठित कंपनियों ने अपनी इकाई स्थापित की हैं।
भव्य योजना में मप्र दूसरे स्थान पर
उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ भव्य योजना के अंतर्गत बैठक में सहभागिता की। भव्य योजना 33 हजार 660 करोड़ रुपए की है, जिसके माध्यम से देश में औद्योगिक विकास की कल्पना की गई है। इसमें केंद्र सरकार ने देशभर में 100 औद्योगिक क्लस्टर का बेल्ट तैयार करने की बात कही है, जिसमें से पहले चरण में 20 क्लस्टर विकसित किए जाएंगे।
ग्रीन एनर्जी प्रोडक्शन को बढ़ाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने प्रधानमंत्री मोदी के स्वतंत्रता दिवस संबोधन का उल्लेख करते हुए कहा कि सप्तधारा की पहली शक्ति मैन्युफैक्चरिंग पावर, दूसरी शक्ति कृषि और फूड प्रोडक्शन, तीसरी शक्ति टेक्नोलॉजी और इनोवेशन, चौथी शक्ति गति शक्ति, पांचवी शक्ति रक्षा शक्ति और छठी शक्ति ग्रीन इकोनॉमी, ब्लू इकोनॉमी है, जो ग्रीन जॉब्स को भी जन्म देती है। सातवीं शक्ति के रूप में आध्यात्म, योग और आयुर्वेद के माध्यम से हेल्थ, क्रॉफ्ट, संस्कृति, क्रिएटिव फिल्में, गेमिंग और डिजिटल इकोनॉमी के लिए काम करने की अच्छी संभावनाएं हैं।
सडक़ विकास निगम के 35 पदों को मंजूरी
सीएम की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक मंगलवार को मंत्रालय में हुई। बैठक में प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ और जीवनदायिनी मां नर्मदा के संरक्षण, पुनर्जीवन तथा दीर्घकालीन सतत प्रबंधन के लिए निर्मल एवं अविरल मां नर्मदा मिशन के गठन की स्वीकृति प्रदान की गई। प्रदेश के सर्वांगीण विकास, जल संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और तकनीकी प्रगति को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णयों को मंजूरी दी गई। मध्यप्रदेश सडक़ विकास निगम की पदीय सरंचना में पूर्व में स्वीकृत 288 पदों के अतिरिक्त 35 नवीन पदों एवं पूर्व से स्वीकृत 07 पदों की निरंतरता आगामी 5 वर्षों अर्थात 18 सितम्बर 2031 तक रखे जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
