- एआई की मदद से साइबर ठगी पर नकेल कसने की तैयारी…

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन संचार के बढ़ते दौर में साइबर अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं। फर्जी लोन, डिजिटल अरेस्ट, पार्ट-टाइम नौकरी, निवेश और बैंक अपडेट के नाम पर होने वाली ठगी से हर दिन हजारों लोग प्रभावित हो रहे हैं। इन खतरों से निपटने के लिए मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप ने नया एआई आधारित ऑटोमैटिक सिक्योरिटी सिस्टम पेश किया है। यह फीचर अनजान नंबरों से आने वाली संदिग्ध कॉल, स्पैम मैसेज और फिशिंग लिंक की पहचान कर उन्हें स्वत: नियंत्रित करेगा। कंपनी का कहना है कि इसका उद्देश्य यूजर्स की सुरक्षा बढ़ाना है, जबकि उनकी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन और प्राइवेसी पूरी तरह सुरक्षित रहेगी। मेटा का कहना है कि यह फीचर पूरी तरह गोपनीयता के मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है। कंपनी के अनुसार, एआई मॉडल केवल नेटवर्क ट्रैफिक, संदेश भेजने की आवृत्ति और रिपोर्टिंग पैटर्न का विश्लेषण करते हैं। व्यक्तिगत संदेश या कॉल की सामग्री एआई नहीं पढ़ता ।
संदिग्ध लिंक पर रेड अलर्ट
यदि किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए संदेश में ऐसा वेब लिंक होगा, जो फिशिंग वेबसाइट या मैलवेयर से जुड़ा होने की आशंका होगी, तो व्हाट्सएप उस लिंक के साथ चेतावनी संदेश दिखाएगा। इससे यूजर लिंक खोलने से पहले सतर्क हो सकेगा और साइबर ठगी का जोखिम कम होगा।
अनजान कॉल अब नहीं करेंगी परेशान
नए फीचर की सबसे बड़ी खासियत साइलेंस अननोन कॉलर है। इसके सक्रिय होने पर कॉन्टैक्ट लिस्ट में सेव नहीं किए गए नंबरों से आने वाली व्हाट्सएप कॉल फोन पर रिंग नहीं करेंगी और न ही वाइब्रेशन होगा। हालांकि, यह कॉल पूरी तरह गायब नहीं होगी। यूजर बाद में व्हाट्सएप के कॉल्स सेक्शन में जाकर उसे देख सकेगा। इससे जरूरी कॉल छूटने की संभावना भी कम रहेगी और स्पैम कॉल से होने वाली परेशानी भी खत्म होगी।
कैसे काम करेगा नया एआई सिक्योरिटी फीचर
अब तक व्हाट्सएप पर किसी अनजान नंबर से कॉल या मैसेज आने पर यूजर को खुद उसे ब्लॉक या रिपोर्ट करना पड़ता था। नए एआई सिस्टम में मशीन लर्निंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस संदिग्ध गतिविधियों का विश्लेषण करके स्वत: कार्रवाई करेंगे। यदि कोई अनजान नंबर बार-बार कॉल करता है या बड़ी संख्या में मैसेज भेजता है, तो सिस्टम उसके व्यवहार को पहचानकर उसे स्पैम मान सकता है। ऐसे नंबरों की कॉल बिना फोन की घंटी बजाए साइलेंट कर दी जाएगी और संदिग्ध संदेशों की पहुंच भी सीमित कर दी जाएगी।
फर्जी अकाउंट, मैसेज पर नजर
व्हाट्सएप का एआई सिस्टम उन अकाउंट्स की पहचान करेगा जो कम समय में बड़ी संख्या में मैसेज भेजते हैं या असामान्य गतिविधि करते हैं। ऐसे मामलों में ब्लॉक अननोन अकाउंट मैसेज फीचर स्वत: सक्रिय होकर संदिग्ध अकाउंट से आने वाले संदेशों को रोक देगा। इसका उद्देश्य यूजर्स को फर्जी निवेश, नौकरी, लॉटरी और बैंकिंग फ्रॉड जैसे संदेशों से बचाना है।
