एमपी हाउसिंग बोर्ड के संचालक मंडल की बैठक, अब मकानों में लोकतंत्र सेनानियों को भी मिलेगा आरक्षण

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
एमपी हाउसिंग बोर्ड की संचालक मंडल की बैठक गुरुवार को पर्यावास भवन में संपन्न हुई । बोर्ड बैठक में मकान आवंटन में दिये जाने वाले आरक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय हुये। हाउसिंग बोर्ड के मकानों में अभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी को 4 फीसदी आरक्षण मिलता है। वहीं अब इस आरक्षण में 1975 में इमरजेंसी के समय जेल जाने वाले लोकतंत्र सेनानी को भी शामिल किया जायेगा। बोर्ड अध्यक्ष ओम जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुसार यह निर्णय लिया गया है। बोर्ड बैठक से पहले नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बोर्ड के नवनियुक्त अध्यक्ष को मंडल की बारीकियों से अवगत कराया। बोर्ड बैठक में एसीएस संजय दुबे, बोर्ड कमिश्नर गौतम सिंह सहित टीएनसीपी, हुडको, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी शामिल हुये। बैठक की अध्यक्षता बोर्ड चेयरमैन ओम जैन ने की।
आरक्षित वर्ग में मकान लेने वालों को देनी होगी समग्र आईडी
हाउसिंग बोर्ड में आरक्षित वर्ग में मकान लेने वालों को अब समग्र आईडी देनी होगी। ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आरक्षण का लाभ दोबारा कोई न ले पाये। नियमानुसार किसी भी आरक्षित श्रेणी में कोई भी व्यक्ति एक बार ही आरक्षण का लाभ लेकर मकान खरीद सकता है।
सेंट्रल विस्टा और नये कलेक्टर कार्यालय प्रोजेक्ट की दी जानकारी
बैठक में बोर्ड कमिश्नर गौतम सिंह ने भोपाल में बनने वाले सेंट्रल विस्टा और नये कलेक्टर कार्यालय प्रोजेक्ट से संचालक मंडल को विस्तार से अवगत कराया। हाउसिंग बोर्ड पुराने कलेक्टर कार्यालय की जगह नया प्रशासनिक भवन बना रहा है। यहां एक साथ कलेक्टोरेट, कमिश्नर और आईजी दफ्तर होंगे। री-डेंसिफिकेशन पॉलिसी के तहत 217 करोड़ की लागत यह नया प्रोजेक्ट बनाया जा रहा है। हाउसिंग बोर्ड इसका टेंडर भी जारी कर दिया है।
नये प्रोजेक्ट लाने के लिए लैंड पूलिंग की तैयारी
बोर्ड बैठक को संबोधित करते हुये अध्यक्ष ओम जैन ने कहा कि नये प्रोजेक्ट लाने के लिए लैंड पूलिंग योजना पर शीघ्र ही काम शुरू किया जाये। लैंड पूलिंग करने से बोर्ड जमीनों को खरीदने में भारी पूंजी लगाने से बच जायेगा। साथ ही किसानों को भी फायदा होगा।

Related Articles