- जीएडी जारी करेगा गाइड लाइन … पीएम की अपील पर मप्र सरकार का अमल

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पेट्रोल-डीजल का संयमित उपयोग करने की अपील के बाद एमपी के सीएम डॉ. मोहन यादव ने भी अपने काफिले में से 6 वाहन कम कर दिए हैं। सीएम के कारकेड में अब तक 13 वाहन चलते थे अब 7 वाहन ही साथ रहेंगे। बुधवार को यह नजर भी आया। इधर डिप्टी सीएम व अन्य मंत्रियों ने भी पीएम की सलाह पर अमल किया।
भोपाल से नरसिंहपुर रवाना होते वक्त सीएम डॉ. मोहन यादव के काफिले में सिर्फ सात वाहन ही नजर आए। एयरपोर्ट के लिए जब सीएम हाउस से डॉ यादव रवना हुए तो उनके कारकेड में 13 जगह सिर्फ 7 वाहन ही चल रहे थे। इधर सीएम के बाद अब डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल ने अपने काफिले में कम से कम गाडिय़ां चलाने का ऐलान किया है। शुक्ल ने सोशल मीडिया पर लिखा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर राष्ट्रहित में ईंधन संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दिशा में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग भी पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ योगदान देगा।
आगामी आदेश तक विभागीय भ्रमण, निरीक्षण एवं अन्य शासकीय गतिविधियों में न्यूनतम वाहनों का उपयोग किया जाएगा। अनावश्यक वाहन रैली, अतिरिक्त काफिले और ईंधन की खपत वाले आयोजनों से परहेज किया जाए। इधर, राज्य सरकार ने तय किया है कि अब शासकीय वाहनों के उपयोग के लिए निजी एजेंसी के माध्यम से पेट्रोल डीजल वाहनों की जगह इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) को टैक्सी में लिया जाएगा। इसके साथ ही वन विभाग और पुलिस विभाग को छोडक़र सभी विभागों में नए वाहन क्रय करने पर रोक लगा दी है।
विभाग के अफसरों को कारपूलिंग की सलाह
डिप्टी सीएम शुक्ल ने कहा कि विभाग के सभी अधिकारी भी शासकीय कार्यों में सादगी अपनाते हुए सार्वजनिक परिवहन अथवा साझा वाहन व्यवस्था को प्राथमिकता दें। स्वास्थ्य के क्षेत्र में स्वच्छ पर्यावरण और सुरक्षित भोजन का भी सीधा संबंध है। इसी दृष्टि से प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना आवश्यक है, जिससे रासायनिक उर्वरकों (जो अधिकांश आयातित होते हैं) का उपयोग कम हो। यह जन स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। विभागीय अधिकारियों से अपेक्षा है कि ऊर्जा संरक्षण के साथ पर्यावरण संरक्षण के इस संदेश को भी जनजागरूकता अभियानों में शामिल करें।
देवड़ा ने लौटाई पायलट गाड़ी… एक गाड़ी से मंत्रालय पहुंचे सारंग
डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने अपना पायलट और फॉलो वाहन मय स्टाफ के लौटा दिया। वहीं खेल और सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने भी सुरक्षा में चलने वाले पायलेट और फॉलो वाहन को हटा दिया है। मंत्री सारंग एक कार से स्टाफ के साथ मंत्रालय के लिए रवाना हुए। मंत्री विश्वास सारंग ने कहा- प्रधानमंत्री मोदी का आह्वान अर्थव्यवस्था का सुधारने करने के लिए है। इस देश के लिए यदि हम कुछ करना चाहते हैं तो यह हमारा दायित्व है कि प्रधानमंत्री मोदी की सलाह और आवाहन को स्वीकार करें। वहीं देवड़ा ने कहा कि पेट्रोल की बचत आज की जरूरत है। यह पर्यावरण के हित में भी है।
