
– रा त को कूनो में रुकेंगी राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 18 जून से मप्र के पांच दिवसीय दौरे पर रहेंगी। अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रपति बैतूल, ओंकारेश्वर, जबलपुर और श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क का दौरा करेंगी। राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए संबंधित जिलों में प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति 18 जून को इंदौर पहुंचेंगी, जहां से हेलीकॉप्टर द्वारा बैतूल जाएंगी।
बैतूल के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में आयोजित ब्रह्मकुमारी संस्थान के आध्यात्मिक जागृति द्वारा आदिवासी समाज का सशक्तिकरण महासम्मेलन में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इसके बाद शाम को खंडवा जिले स्थित पवित्र तीर्थस्थल ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग पहुंचकर ज्योतिर्लिंग की रात्रि आरती में भाग लेंगी। 19 जून को राष्ट्रपति सिकल सेल एनीमिया जागरूकता कार्यक्रम और स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण करेंगी। राष्ट्रप्रति 20 जून की शाम को जबलपुर पहुंचेंगी। 21 जून को वे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। वे रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगी। उसी दिन राष्ट्रपति ग्वालियर पहुंचेंगी और वहां से श्योपुर जिले स्थित कूनो नेशनल पार्क जाएंगी।
