डीपीआई में बढ़ेंगे आईएएस और राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी

डीपीआई

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) में वरिष्ठ अधिकारियों की कमी दूर करने के लिए एक और आईएएस तथा दो राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की पदस्थापना का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। आयुक्त लोक शिक्षण अभिषेक सिंह ने शासन से रिक्त पदों पर अधिकारियों की नियुक्ति की अनुमति मांगी है। आयुक्त अभिषेक सिंह ने बताया कि संचालनालय में वरिष्ठ पदों के रिक्त रहने से काम प्रभावित हो रहा है। इसी वजह से रिक्त पदों पर अधिकारियों की व्यवस्था के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रस्ताव को मंजूरी देना शासन का निर्णय होगा। अधिकारियों की नियुक्ति केवल पद रिक्त रहने तक की स्थिति में की जाएगी। इससे विभागीय अधिकारियों की वरिष्ठता प्रभावित नहीं होगी और किसी अधिकारी को नुकसान नहीं होगा।
संचालक के एक पद पर आईएएस की नियुक्ति का प्रस्ताव
प्रस्ताव के अनुसार, संचालनालय में संचालक के तीन पदों में से एक पद पर आईएएस अधिकारी की नियुक्ति की जा सकती है। वर्तमान में दो पद विभागीय अधिकारियों के पास हैं। वहीं अपर संचालक के दो पदों पर राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की पदस्थापना का प्रस्ताव है। जानकारी के अनुसार, मार्च 2020 तके संचालक के पदों में से एक पर राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी की पदस्थापना की व्यवस्था थी, जिसे बाद में समाप्त कर दिया गया। नए प्रस्ताव का विभागीय अधिकारियों ने विरोध शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

Related Articles