समरसता कार्यक्रम: महिला विधायक नपाध्यक्ष को नहीं मिली कुर्सी

  • नाराज विधायक ने खुद कुर्सी लगाई

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
संत गुरु रविदास समरसता अभियान के मंच तले उस वक्त सियासत और प्रोटोकॉल दोनों शर्मसार हो गए, जब सत्ताधारी दल की ही महिला विधायक और शहर की प्रथम नागरिक खड़ी रह गई और पुरुष नेता कुर्सियां दबाए बैठे रहे। नौबत यहां तक आ गई कि नाराज विधायक को खुद हाथ से खींचकर अपनी कुर्सी लगानी पड़ी।
विधायक ने खुद लगाई कुर्सी
एक निजी गार्डन में आयोजित श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान के जिला स्तरीय सम्मेलन में चाचौड़ा विधायक प्रियंका मीना पेंची और नगर पालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता पहुंची थीं। मुख्य मंच के सामने अतिथियों व जनप्रतिनिधियों के लिए आरक्षित सीटों पर पहले से ही भाजपा के वरिष्ठ पुरुष नेता व पदाधिकारी काबिज थे। महिला जनप्रतिनिधियों के पहुंचने पर भी जब कोई नेता अपनी जगह से नहीं हटा, तो मौके पर असहज स्थिति बन गई। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद व्यवस्था न होते देख विधायक प्रियंका मीना ने खुद कुर्सी उठाई और नपा अध्यक्ष के पास बैठ गई।
मंच से कसा तंज
मंच पर संबोधन के दौरान विधायक मीना ने दो टूक कहा कि सरकार ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण तो दे दिया, लेकिन यहां महिलाओं को बैठने के लिए एक कुर्सी तक नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि एक निर्वाचित महिला विधायक और प्रथम नागरिक के साथ ऐसा बर्ताव पार्टी संगठन व व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650 वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में 21 अगस्त से 10 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान के दौरान हुआ यह घटनाक्रम का वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related Articles