सरकार को 20,481 करोड़ रुपए राजस्व का अनुमान

  • मप्र में शराब दुकानों की पूरी बिक्री…

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
वर्ष 2026-27 की आबकारी नीति के तहत मध्य प्रदेश की सभी 3553 शराब दुकानों की बिक्री पूरी हो गई है। इन दुकानों से सरकार को 18,676.80 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त होगा, जो पिछले वर्ष की वार्षिक वैल्यू की तुलना में 12.33 प्रतिशत अधिक है। वहीं अन्य स्रोतों से लगभग 1775 करोड़ रुपए की अतिरिक्त आय का अनुमान लगाया गया है, जो कुल राजस्व का करीब 9.5 प्रतिशत है। इस तरह आबकारी विभाग को कुल 20,481.80 करोड़ रुपए के राजस्व संग्रह की उम्मीद है, जो वित्त विभाग द्वारा निर्धारित 20,279 करोड़ रुपए के लक्ष्य से अधिक है। राज्य सरकार ने वर्ष 2026-27 की आबकारी नीति और उससे जुड़े विषयों पर निर्णय लेने तथा आगामी वर्षों के लिए सुझाव तैयार करने के उद्देश्य से मंत्रि-परिषद समिति का गठन किया है। उप मुख्यमंत्री एवं वाणिज्यिक कर विभाग की अध्यक्षता में आयोजित समिति की बैठक में मदिरा दुकानों और समूहों पर प्राप्त ऑफरों की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि 24वें चरण में कई दुकानों और समूहों के लिए आरक्षित मूल्य से अधिकतम 65 प्रतिशत तक कम ऑफर प्राप्त हुए थे। वहीं 10वें, 11वें और 21वें चरण में प्राप्त कुछ ऑफर पहले से होल्ड पर रखे गए थे। आबकारी नीति में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार 24वें चरण के ऑफर और पहले से होल्ड ऑफर की तुलना कर जो भी उच्च मूल्य का ऑफर पाया गया, उसे स्वीकार करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा 10वें, 11वें और 21वें चरण में प्राप्त कुछ उच्चतम ऑफरों को बाद में स्वीकृति दी गई। टेंडर अवधि और स्वीकृति तिथि में अंतर होने की स्थिति में वार्षिक मूल्य में छूट देने के लिए राजपत्र की कंडिका 38.8 के अनुसार संबंधित कलेक्टरों को अधिकृत किया गया है।

Related Articles