दिल्ली जा रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने किया नजरबंद

कांग्रेस नेता
  • कार्यकर्ता बोले- यह लोकतंत्र की हत्या
    भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
    । राहुल गांधी के दिल्ली मार्च में शामिल होने जहां प्रदेश के कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता खासे उत्साहित थे वहीं इन्हें दिल्ली जाने से रोकने पुलिस ने भी कसर नहीं छोड़ी। नेताओं और विधायकों को रोकने पुलिस दबिश देती रही। विधायकों को उनके घर से उठा लिया गया। दिल्ली में भी पुलिस का यह दबिश जारी रही तो कांग्रेसजन धरने पर बैठ गए। श्योपुर के विधायक बाबू जंदेल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चल रहा है, जिसमें उनके घर पर दबिश देने पुलिस पहुंची थी। पुलिस की सक्रियता घर के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। दिल्ली जा रहे मुरैना ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष मधुराज सिंह तोमर, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गजेंद्र जाटव और भिंड शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र भदौरिया को स्थानीय पुलिस ने हिरासत में ले लिया। तीनों नेताओं को करीब 12 घंटे बाद छोड़ा गया। कांग्रेस ने पुलिस की सक्रियता और दबिश को लेकर अधिकांश नेताओं को पहले ही सचेत कर दिया था। इसी का परिणाम था कि बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रविवार को ही दिल्ली पहुंच गए थे। इसी तरह कोई विशेष ट्रेन की जगह सभी को अलग-अलग आने को कहा गया था। कई नेता व विधायक तो रुकते हुए दिल्ली पहुंचे। बावजूद इसके पुलिस ने रास्ते में ही नाकाबंदी और धरपकड़ कर आधा सैकड़ा से अधिक नेताओं व कार्यकर्ताओं को दिल्ली जाने से रोक लिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस पूरी सक्रियता की निंदा की है। उन्होंने कहा कि हमारे तीन जिलाध्यक्षों को पुलिस ने होटलों में दबिश देकर पकड़ लिया। अपने समर्थकों के साथ गाडिय़ां लेकर निकलने की तैयारी कर रहे नेताओं व कार्यकर्ताओं को दिल्ली नहीं आने दिया गया। कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई के जरिए पार्टी नेताओं को दिल्ली पहुंचने से रोका जा रहा है। हालांकि, पुलिस की ओर से कार्रवाई के आधार और हिरासत की अवधि को लेकर आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। कई नेताओं ने वीडियो भेजकर पार्टी पदाधिकारियों को सूचना दी। दिल्ली पहुंच चुके कांग्रेस नेताओं को वहां भी मार्च में शामिल होने से रोका जाता रहा।
    जैसी ही बाहर निकले उन्हें रोक लिया गया
    मार्च में शामिल होने नेता जैसी ही बाहर निकले उन्हें रोक लिया गया। इससे नाराज होकर कई नेता एमपी भवन के सामने ही धरने पर बैठ गए। काफी देर प्रदर्शन के बाद मध्यप्रदेश के नेता पैदल मार्च व प्रदर्शन में शामिल हो सके। सोमवार को हुए प्रदर्शन में पीसीसी के संगठन महामंत्री संजय कामले, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, सुखदेव पांसे, प्रदेश की सह-प्रभारी उषा नायडू, सीडब्ल्यूसी कमलेश्वर पटेल, पूर्व विधायक कुणाल चौधरी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, वरिष्ठ विधायक आरिफ मसूद, तरुण भनोट आदि शामिल हुए।

Related Articles