कांग्रेस का घर-घर चलो अभियान

कांग्रेस
  • हर विधानसभा में 30 हजार परिवारों से मिलेंगे नेता…

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मध्य प्रदेश में संगठन सृजन का काम लगभग पूरा होने के बाद अब कांग्रेस आगामी चुनावों की तैयारी में जुट गई है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 30 हजार परिवारों से संपर्क का बड़ा कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसमें पार्टी की रीति-नीति की बात तो होगी ही, प्रति परिवार 100-100 रुपये की सहयोग निधि भी मांगी जाएगी। इस राशि का उपयोग जिला और ब्लाक स्तर पर संगठन निर्माण एवं प्रशिक्षण कार्यों में किया जाएगा। 25 मई के बाद हर ब्लाक में जन संवाद अधिवेशन होंगे, सभी बड़े नेताओं को ब्लाक आवंटित किए जाएंगे।
बूथ लेवल एजेंटों का होगा सत्यापन और सक्रियता का आकलन: ब्लाक अध्यक्षों को गांव-गांव जाकर इकाइयों और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) का सत्यापन कर उनकी सक्रियता का आकलन करना होगा। यह लक्ष्य शुक्रवार को भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित पहले ब्लाक अध्यक्ष सम्मेलन में दिया गया। संगठन महासचिव संजय कामले ने जनसंवाद सम्मेलनों की रूपरेखा बताई। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पिछले 25 वर्षों से सत्ता में नहीं है, इसलिए कार्यकर्ताओं को अधिक मेहनत करनी होगी। एक अकेले से कुछ नहीं होगा। बूथ एवं ब्लाक स्तर पर कम से कम 30 हजार परिवारों को जोडक़र संगठन को मजबूत करना है।
गुटबाजी छोड़ एकजुटता से जुटने की अपील: बैठक में गुटबाजी की बात भी इशारों में उठी। राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य कमलेश्वर पटेल ने ब्लाक अध्यक्षों से कहा कि अहम, अहंकार छोडक़र सबको एकजुट होना होगा। मनमुटाव यदि है तो उसे खत्म करना होगा। पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ ने महिला आरक्षण पर कहा कि पहले भी इस पर सवाल उठे हैं मगर महिलाओं ने मौका मिलने पर अच्छा प्रदर्शन किया है।
25 मई के बाद ब्लाक स्तर पर होंगे जन संवाद अधिवेशन
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका लक्ष्य किसी पद की प्राप्ति नहीं, बल्कि कांग्रेस की सत्ता में वापसी सुनिश्चित करना है। 25 अप्रैल से लेकर 25 मई तक विधानसभा प्रभारी प्रभार क्षेत्र में जाएंगे और कार्यकारिणी का सत्यापन करेंगे। 25 मई के बाद पार्टी के हर ब्लाक पर जन संवाद अधिवेशन होगा, जिसमें पार्टी के सभी बड़े नेता, प्रदेश प्रभारी एवं सह प्रभारी शामिल होंगे। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं के सामूहिक योगदान से सशक्त बनेगी और आमजन के साथ सीधा जुड़ाव बढ़ेगा। केंद्रीय संगठन से हरी झंडी मिलने पर इस कार्यक्रम को प्रारंभ कर दिया जाएगा।
ब्लाक अध्यक्षों के काम का होगा मूल्यांकन
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने ब्लाक अध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे मंडल, ब्लाक, ग्राम एवं वार्ड स्तर पर संगठन को सुदृढ़ बनाएं। गांव-गांव जाकर इकाइयों एवं बीएलए का सत्यापन कर उनकी सक्रियता का आकलन करें। जो लोग काम नहीं करना चाहते हैं उन्हें कमेटियों में शामिल न किया जाए। ऐसे पदाधिकारी न बनाएं, जो फोन करने पर अपनी जिम्मेदारी के बारे में अनभिज्ञता जताए। उन्होंने बताया कि जिला अध्यक्षों के कार्यों का मूल्यांकन किया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे निर्णय लिया जाएगा। ब्लाक अध्यक्षों के कार्यों का आकलन भी आगामी छह माह में होगा।

Related Articles