राहुल से पहले मप्र में भाजपा-संघ का यूथ कनेक्ट

भाजपा-संघ

– 17-18 को नबीन-भागवत संभालेंगे मोर्चा
-19 सितंबर को इंदौर में राहुल गांधी का छात्रों से संवाद

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मध्यप्रदेश में सितंबर का तीसरा सप्ताह युवाओं को लेकर सियासी शक्ति प्रदर्शन का मंच बनने जा रहा है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के इंदौर पहुंचने से पहले भाजपा और संघ भी युवाओं के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी में हैं। 17 सितंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन प्रदेश दौरे पर रहेंगे, जबकि 17 और 18 सितंबर को आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत उज्जैन में युवाओं और स्वयंसेवकों से संवाद करेंगे। इसके ठीक अगले दिन 19 सितंबर को राहुल गांधी इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के जरिए युवाओं को संबोधित करेंगे। यानी तीन दिनों में प्रदेश में भाजपा, संघ और कांग्रेस—तीनों का फोकस युवा वर्ग पर रहेगा। इसे 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले युवाओं के बीच अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की शुरुआती कवायद के तौर पर भी देखा जा रहा है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का यह मध्यप्रदेश का पहला दौरा होगा। उनके लिए मंदसौर, इंदौर और उज्जैन में तीन प्रमुख कार्यक्रम प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें ग्रामीण आबादी को जमीन का मालिकाना हक देने वाली स्वामित्व योजना, गांधीसागर अभयारण्य में चीतों को छोडऩे और उज्जैन में दीपोत्सव में शामिल होने का कार्यक्रम शामिल है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के मुताबिक नबीन को सेवा संकल्प अभियान में आमंत्रित किया गया है। उज्जैन में महाकाल दर्शन और महाकाल लोक में दीपोत्सव का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। हालांकि अंतिम कार्यक्रम और समय-सारिणी अभी तय होना बाकी है।
उज्जैन में 25 लाख दीपों के बीच युवाओं पर फोकस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान शुरू कर रही है। उज्जैन में क्षिप्रा के घाटों और महाकाल लोक क्षेत्र में करीब 25 लाख दीप जलाने की तैयारी है। नितिन नबीन के इस आयोजन में शामिल होने की संभावना है। वहीं मंदसौर के गांधीसागर अभयारण्य में चीतों को छोडऩे का कार्यक्रम भी अभियान से जोड़ा गया है। नबीन की मौजूदगी में इसे कराने का प्रस्ताव है, लेकिन तारीख और समय पर अंतिम फैसला होना बाकी है।
भागवत का दो दिन उज्जैन प्रवास, युवा धर्म संसद में संवाद
आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत 17 और 18 सितंबर को उज्जैन में रहेंगे। पहले दिन वे उज्जैन महानगर के स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे। इसमें संगठन के विस्तार, गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा संभावित है। 18 सितंबर को देवास रोड स्थित गीता भवन में युवा धर्म संसद आयोजित होगी। इसमें भागवत युवाओं से राष्ट्र, समाज, संस्कृति और उनकी भूमिका जैसे विषयों पर संवाद करेंगे। नितिन नबीन और भागवत की मुलाकात की संभावना भी जताई जा रही है, हालांकि इसका आधिकारिक कार्यक्रम अभी सामने नहीं आया है।
तीसरे दिन राहुल गांधी की ‘छात्रों की गूंज’
17 और 18 सितंबर को भाजपा-संघ के कार्यक्रमों के बाद 19 सितंबर को राहुल गांधी इंदौर पहुंचेंगे। कांग्रेस ने उनके लिए ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम रखा है। पार्टी का दावा है कि इसमें अब तक डेढ़ लाख से ज्यादा युवाओं ने पंजीयन कराया है। नेहरू स्टेडियम की अनुमति नहीं मिलने के बाद कार्यक्रम के लिए रीजनल पार्क के सामने स्थित आईडीए मैदान चुना गया है। कांग्रेस ने मैदान के लिए 10 लाख रुपए जमा किए हैं। औपचारिक अनुमति के बाद मंच और अन्य व्यवस्थाओं का काम शुरू हो गया है।
तीन दिन, तीन मंच और एक बड़ा सियासी लक्ष्य
मध्यप्रदेश में लगातार तीन दिनों तक होने वाले इन कार्यक्रमों ने युवाओं को लेकर भाजपा, संघ और कांग्रेस की रणनीति को सामने ला दिया है। भाजपा सेवा और विकास के संदेश के साथ, संघ राष्ट्र-संस्कृति के विमर्श के साथ और कांग्रेस छात्र एवं युवा मुद्दों के जरिए अपना नैरेटिव बनाने की कोशिश में है। 2028 का चुनाव अभी दूर है, लेकिन युवाओं के बीच राजनीतिक पकड़ बनाने की होड़ अभी से तेज होती दिख रही है।

Related Articles