बड़ी कार्रवाई: 3.5 करोड़ की 24 एकड़ सरकारी जमीन से हटाया अवैध कब्जा

बड़ी कार्रवाई
  • खाली जमीन पर बनेगा तालाब और पंचायत भवन

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। प्रदेश में 30 जून तक चलने वाले जल गंगा संवर्धन अभियान के लिए प्रशासन अब ग्रामीण क्षेत्रों में अतिक्रमित शासकीय जमीनों को खाली कराने में जुट गई है। इस क्रम में भोपाल के हुजूर तहसील के ईटखेड़ी रोड स्थित खजूरी गांव में लगभग 24 एकड़ शासकीय भूमि पर स्थित अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया। प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई कर लगभग 3.5 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन मुक्त कराया है। बीते तीन दिनों से अतिक्रमण हटाने का चल रही कार्रवाई गुरुवार को पूरी हुई। जिला कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर खजूरी में खाली कराई जमीन पर अब तालाब, पंचायत से भवन और खेल मैदान बनाया जाएगा। राजस्व अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार से शुरू हुई उक्त कार्रवाई के दौरान बुलडोजर अवैध कब्जे और खेती को हटाया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस और राजस्व बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने बताया कि 24 एकड़ को अतिक्रमणकारियों से खाली कराने में उक्त समय लगा।
सीमांकन में पता चला अतिक्रमण का
अधिकारियों के अनुसार जल संरक्षण, पुराने तालाबों का पुनरुद्धार और ग्राम विकास के तहत अतिक्रमण हटाए इस 24 एकड़ भूमि के जरिए जलस्रोतों को पुनर्जीवित करने का लक्ष्य है। प्रशासन ने एक माह पहले ग्राम खजूरी के उक्त जमीन का सीमांकन कराया था।
तालाब बनने का रास्ता साफ: सोनकिया
एसडीएम हुजूर विनोद सोनकिया ने बताया कि अतिक्रमण हटने के बाद खजूरी की खाली जमीन पर विकास कार्यों का रास्ता साफ हो गया है। प्रदेश सरकार जल गंगा संवर्धन योजना के तहत यहां गहरा और चौड़ा तालाब बनाएगी। साथ ही सामुदायिक भवन निर्माण, पंचायत भवन, खेल मैदान भी बनाएंगे। इस संबंध में जल्दी ही कार्ययोजना तैयार कर बरसात के समय तालाब निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा।

Related Articles