भोपाल कैसीनो कांड: कटारा हिल्स टीआई सस्पेंड, 16 गिरफ्तार

कैसीनो कांड
  • रिसोर्ट संचालक को बचाने का आरोप
    भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
    । कटारा हिल्स थाना क्षेत्र स्थित कस्तूरी गार्डन में चल रहे हाईटेक कैसीनो का भंडाफोड़ पुलिस की कार्यप्रणाली के चलते बड़े सवालों के घेरे में आ गया है। इस मामले में लापरवाही और संदिग्ध भूमिका पाए जाने पर कटारा हिल्स थाना प्रभारी सुनील कुमार दुबे को निलंबित कर दिया गया है। घटना तीन दिन पुरानी है, लेकिन टीआई के निलंबन के बाद यह मामला अब तूल पकड़ चुका है। महज 11 हजार नकद और कैसीनो मशीनें बरामद बीती 24 अक्टूबर को रात करीब दो बजे पुलिस ने मौके पर दबिश देकर एक युवती समेत 16 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से हाईटेक कैसीनो मशीन और सैकड़ों की संख्या में क्वाइन बरामद किए। हालांकि, इतने बड़े पैमाने पर संचालित कैसीनो से महज 11 हजार रुपये नकद मिलना सबसे बड़ा रहस्य बना हुआ है। इतनी बड़ी जगह से नकदी गायब मिलने के बाद पुलिस कार्रवाई की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
    नियमों की अनदेखी का आरोप
    प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि टीआई सुनील कुमार दुबे ने स्पष्ट निर्देश होने के बावजूद कस्तूरी रिसोर्ट के मालिक को इस मामले में मुख्य आरोपित नहीं बनाया। इसके अलावा, जुआ एक्ट के तहत पकड़े गए आरोपितों के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड की जांच किए बिना और उचित कानूनी प्रक्रिया का पालन किए बिना उन्हें छोड़े जाने की चर्चा है। इन गंभीर प्रशासनिक चूकों और उच्च अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना को आधार बनाते हुए पुलिस उपायुक्त ने टीआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इतनी बड़ी कार्रवाई के बाद भी एफआईआर सुबह नौ बजे दर्ज की गई, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर संदेह गहरा गया है। इस अवैध कैसीनो के नेटवर्क के तार कई राज्यों से जुड़े हुए पाए गए हैं।

Related Articles