
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। भाजपा के बयानवीर विधायक प्रीतम लोधी को दो माह में दूसरी बार माफी मांगनी पड़ी है। रविवार को उन्होंने वीडियो जारी कर गुर्जर समाज से खेद जताया है। उल्लेखनीय है कि विधायक लोधी ने पिछले दिनों डकैत रामबाबू गड़रिया को लेकर बयान दिया था, जिस पर गुर्जर समाज ने एतराज जताते हुए प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से विधायक के खिलाफ एक्शन लेने को कहा था।
भाजपा अध्यक्ष ने समाज को भरोसा दिलाया था कि वे इस संबंध में लोधी को तलब करेंगे। इसके बाद भाजपा कार्यालय ने विधायक लोधी को भोपाल आने को कहा था। जानकारी के अनुसार राज्यसभा चुनाव के सिलसिले में भोपाल आए विधायक लोधी से पार्टी नेताओं ने समाज से जुड़े बयानों से बचने की सलाह दी है। जिसके बाद लोधी ने वीडियो संदेश के जरिए गुर्जर समाज से अपने बयान को लेकर खेद जता दिया। लोधी ने कहा कि वह सभी समाजों की सेवा करते हैं और यदि किसी कार्यक्रम के दौरान उनके मुख से ऐसी कोई बात निकल गई हो, जिससे किसी समाज की भावनाएं आहत हुई हों, तो वह उसके लिए खेद व्यक्त करते हैं। खंडेलवाल ने कहा कि पार्टी संगठन ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और जल्द ही विधायक प्रीतम लोधी से इस संबंध में चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि गुर्जर समाज का देश की सुरक्षा, सामाजिक विकास और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वहीं, प्रीतम लोधी ने कहा कि संगठन ने उन्हें इस विषय पर समझाया है। उन्होंने दोहराया कि उनका उद्देश्य किसी समाज या वर्ग की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। वह सभी समाजों के बीच समरसता और सौहार्द के साथ काम करते हैं और आगे भी करते रहेंगे।
