मध्यप्रदेश ने तीन साल में 1614 करोड़ रु. का साफ्टवेयर किया निर्यात

  • आईटी सक्षम सेवाओं के निर्यात को मिला बढ़ावा
साफ्टवेयर किया निर्यात

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश अब केवल कृषि और पर्यटन ही नहीं, बल्कि सूचना प्रौद्योगिकी (आइटी) के क्षेत्र में भी नई पहचान बना रहा है। राज्य में तकनीकी विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ निर्यात भी लगातार बढ़ रहा है।
फार्मा और कृषि उत्पाद के बाद अब प्रदेश से साफ्टवेयर भी निर्यात हो रहे हैं। तीन साल में साफ्टवेयर प्रौद्योगिकी पांर्क (एसटीपी) इकाई के माध्यम से 1,614 करोड रुपये का निर्यात किया गया। वर्ष 2025-26 में 24 एसटीपी इकाइयां मध्य प्रदेश में पंजीकृत हुईं। इस वर्ष 681 करोड़ रुपये का निर्यात किया गया। बता दें कि एसटीपी योजना भारत से साफ्टवेयर और आइटी सक्षम सेवाओं (आइटी/आइटीइएस) के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए 100 प्रतिशत निर्यातोन्मुखी है। प्रदेश से इस वर्ष 76 हजार करोड़ रुपये के उत्पादे निर्यात किए गए हैं। मुख्य रूप से इंदौर, भोपाल और ग्वालियर में साफ्टवेयर टेक्नोलाजी पार्क (एसटीपी) के केंद्र सक्रिय हैं। इनमें इंदौर आइटी हब के रूप में सबसे आगे है। इन पार्कों के माध्यम से न केवल बड़ी बहुराष्ट्रीय कंपनियों को पैर जमाने का मौका मिला है, बल्कि स्थानीय स्टार्टअप्स को भी वैश्विक स्तर पर अपनी सेवाएं देने के लिए एक मजबूत प्लेटफार्म मिला है।

Related Articles