
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। राज्य सरकार ने दो चर्चित महिला आईएएस अफसरों को आखिरकार हटा दिया। इसमें से महिला व बाल विकास आयुक्त सुश्री निधि निवेदिता के खिलाफ उन्हीं के अफसरों ने अभद्रता करने के साथ ही साथ मानसिक रूप से प्रताडि़त करने का आरोप लगाया था। यहां तक कि अफसरों ने काम बंद करके मंत्री व मुख्य सचिव से भी शिकायत की थी। इसी तरह श्रीमती नेहा मारव्या सिंह को भी विवादों की वजह से हटा दिया गया। राज्य सरकार ने शनिवार को अवकाश के दिन 11 आईएएस अफसरों के तबादले कर दिए। जबकि आधा दर्जन सीनियर अफसरों को अतिरिक्त जवाबदारी सौंपी गई है। इसी तरह एक अन्य महिला आईएएस अफसर अनुभा श्रीवास्तव को भी हटा दिया गया। उन्हें प्रमुख राजस्व आयुक्त तथा आयुक्त भू अभिलेख के पद से हटाकर राजस्व विभाग में सचिव बनाया गया है। सबसे ज्यादा चौंकाने वाला तबादला सुश्री निवेदिता का माना जा रहा है। चूंकि उनके खिलाफ महिला व बाल विकास विभाग के अपर संचालक से लेकर मैदानी पोस्टिंग वाले अफसरों तक ने लिखित शिकायतें की थी। इन अफसरों को आरोप था कि सुश्री निवेदिता अनर्गल बातें करती हैं। इससे विभाग का पूरा काम काज ठप पड़ गया है। एक प्रतिनिधिमंडल मंत्री व मुख्य सचिव से भी मिला था। मंत्री ने उस वक्त मुख्य सचिव से बात की थी। सुश्री निवेदिता को प्रमुख राजस्व आयुक्त तथा आयुक्त भू अभिलेख एवं बंदोबस्त बनाया गया है। जबकि श्रीमती नेहा मारव्या सिंह के मामले में भी यही आरोप था। उन्हें एमडी एसटी वित्त विकास निगम बनाया गया है।
इनको मिला अतिरिक्त प्रभार
सरकार ने कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी हैं। इनमें श्रम विभाग के सचिव रघुराज एमआर को तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। आदिवासी विकास आयुक्त तरुण राठी को आदिम जाति क्षेत्रीय विकास योजनाओं, एमएपीसीईटी और आदिम जाति अनुसंधान एवं विकास संस्थान का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर सचिव और प्रबंध संचालक, कृषि विपणन बोर्ड-सह-आयुक्त मंडी कुमार पुरुषोत्तम को आयुक्त उद्योग और लघु उद्योग निगम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की सचिव शीतला पटले को श्रम आयुक्त, इंदौर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। एमपीआईडीसी क्षेत्रीय कार्यालय, ग्वालियर में कार्यकारी संचालक अनीशा श्रीवास्तव को ग्वालियर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
