
सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प. बंगाल की चुनावी जनसभाओं में टीएमसी पर जमकर प्रहार किया। कांथी दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में अपनी तीसरी जनसभा में उन्होंने कहा कि कोलकाता का मेयर कहता है कि यहां की आधी आबादी से उर्दू बुलवाएंगे, मैं उससे बोल रहा हूं कि यहां की जनता उर्दू नहीं, बांग्ला बोलेगी। यहां कठमुल्लापन की संस्कृति नहीं चलने दी जाएगी। कोई भी माई का लाल बंगाल की संस्कृति, आन-बान-शान से खिलवाड़ नहीं कर सकता। पीएम मोदी के नेतृत्व में पूरा देश बंगाल वासियों के साथ खड़ा है। हम टीएमसी के देशद्रोही मंसूबों को पूरा नहीं होने देंगे। जिस तरह भाजपा की डबल इंजन सरकार ने यूपी को अराजकता, दंगा व कर्फ्यू मुक्त बनाया है, सरकार बनने पर वैसे ही बंगाल को भी बनाएंगे। सीएम योगी ने कहा कि बंगाल वंदे मातरम की धरती है। यह धरती तूफानों से टकराकर भी हार नहीं मानती। सीएम ने गुरुदेव रविंद्र नाथ ठाकुर, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय, जगदीश चंद्र बसु, स्वामी प्रणवानंद, स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे राष्ट्र नायकों को याद किया।
