
सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को पहले शामली और फिर बिजनौर के दौरे पर पहुंचे। शामली में सीएम योगी ने 617.70 करोड़ की 90 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया, जबकि बिजनौर में 1003 करोड़ की 76 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास बटन दबाकर किया। सीएम ने कहा-2017 से पहले बिजनौर में कानून-व्यवस्था ध्वस्त थी। उस समय अपराध-माफिया का दबदबा था, जबकि आज सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के कारण जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत है। कुछ लोग ऐसा बिजनौर चाहते थे जो गुंडों, अपराधियों और माफियाओं के कब्जे में रहे। वे समाज को बांटने की राजनीति करते हैं। लेकिन हमें जिन्ना नहीं, गन्ना पसंद है, इसलिए हमारी प्राथमिकता गन्ना किसान और गन्ने का मूल्य बढ़ाना है। सीएम ने कहा-बिजनौर में मेडिकल कॉलेज के बाद अब नर्सिंग कॉलेज का निर्माण भी तेजी से कराया जा रहा है।
