
मध्य प्रदेश के गुना जिले के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के चक चुरेला गांव में एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हथियारों से लैस 8 से 10 बदमाशों ने डॉ. कमल मीणा के पैतृक घर को निशाना बनाते हुए तीन करोड़ रुपए की डकैती को अंजाम दिया। घटना के समय घर में केवल बुजुर्ग माता-पिता और पंचायत सचिव पवन मीणा का छोटा भाई मौजूद था। बदमाशों ने खिडक़ी काटकर घर में प्रवेश किया। इस वारदात के बाद पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया है। घर के अंदर दाखिल होते ही बदमाशों ने सबसे पहले बुजुर्ग माता-पिता और छोटे भाई के कमरों की कुंडी बाहर से बंद कर दी थी। बदमाश घर से ढाई किलो सोना, छह किलो चांदी, 11 लाख रुपए नकद और एक बाईक अपने साथ ले गए। चुराए गए कुल सामान और नकदी की कीमत तीन करोड़ आंकी जा रही है।
