
इलाहाबाद हाईकोर्ट के पूर्व जस्टिस यशवंत वर्मा से जुड़े कैश कांड में जांच समिति की रिपोर्ट से बड़ा खुलासा हुआ है। लोकसभा अध्यक्ष की ओर से गठित जांच समिति ने उनके खिलाफ लगाए गए तीनों आरोपों को सही माना है। रिपोर्ट में उन्हें दोषी करार दिया गया है। हालांकि, रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इस केस में किसी प्रकार की साजिश के संकेत नहीं मिले हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, नई दिल्ली के 30, तुगलक क्रिसेंट स्थित आवास के स्टोर रूम में 500 मूल्यवर्ग के नोट मिले थे। समिति ने कहा कि जज यह संतोषजनक ढंग से स्पष्ट नहीं कर सके कि ये नोट वहां कैसे पहुंचे, उनका स्रोत क्या था और उनका स्वामित्व किसका था। स्टोर रूम में मौजूद साक्ष्यों को सुरक्षित या संरक्षित नहीं किया गया। कानूनी तरीके से सील करने और निरीक्षण से पहले स्टोर रूम की स्थिति बदल गई थी। बाद में नकदी के नोट उपलब्ध नहीं रहे।
