हुरुन इंडिया रिपोर्ट: अंबानी सबसे अमीर, पहली पीढ़ी में शीर्ष पर अदाणी

बार्कलेज प्राइवेट क्लाइंट्स हुरुन इंडिया की ताजा रिपोर्ट मोस्ट वैल्यूएबल फैमिली बिजनेसेज लिस्ट 2026 के अनुसार, मुकेश अंबानी का परिवार भारत का सबसे अमीर कारोबारी परिवार बना हुआ है। संपत्ति में 8.5 फीसदी की गिरावट के बावजूद अंबानी परिवार की कुल संपत्ति 25.8 लाख करोड़ रुपए दर्ज की गई है। वहीं, अहमदाबाद का गौतम अदाणी परिवार पहली पीढ़ी के कारोबारियों में सबसे धनी बनकर उभरा है। उनकी कुल संपत्ति 19.6 लाख करोड़ रुपए बताई गई है। वहीं रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत के शीर्ष 300 पारिवारिक कारोबारों ने पिछले दो वर्षों में औसतन प्रतिदिन 4,076 करोड़ की संपत्ति अपनी वैल्यू में जोड़ी है। हुरुन इंडिया के संस्थापक अनस रहमान जुनैद के अनुसार, 138 लाख करोड़ ($1.46 ट्रिलियन) भारत के सबसे मूल्यवान पारिवारिक कारोबारों का कुल मूल्य है। यदि यह सूची एक स्वतंत्र देश होती, तो जीडीपी के मामले में यह दुनिया की 18वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनती, जो नीदरलैंड, सऊदी अरब, स्विट्जरलैंड और पोलैंड जैसे देशों से भी बड़ी होती।  

Related Articles