शॉर्टकट से बचें, ऑटोबायोग्राफी पढ़ें, प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं को दी सलाह

पीएम नरेंद्र मोदी ने युवाओं से आत्मकथाएं पढ़ने और दूसरों के संघर्षों से सीखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि रील्स के युग में युवाओं को यह याद रखना चाहिए कि शॉर्टकट आपको छोटा कर देगा। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की आत्मकथा ट्रायम्फ ऑफ द इंडियन रिपब्लिक-माय लाइफ, माय स्ट्रगल्स के विमोचन के अवसर पर बोलते हुए, पीएम ने कोविंद के जीवन और उनके संघर्षों की जमकर सराहना की। मोदी ने युवाओं से आत्मकथाएं पढ़ने की अपील करते हुए कहा कि ये किताबें किसी विशेष कालखंड को उस व्यक्ति के जीवन के माध्यम से समझने का अवसर देती हैं, जिसने उस दौर को जिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि रामनाथ कोविंद का जीवन यह दिखाता है कि दृढ़ संकल्प किस तरह किसी व्यक्ति को कठिन परिस्थितियों से बाहर निकालकर देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचा सकता है। पीएम मोदी ने कहा कि किताब के नाम में ही किताब का मूल संदेश छिपा है। उनके मुताबिक, कोविंद के संघर्ष भले ही व्यक्तिगत रहे हों, लेकिन उन संघर्षों से मिली सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं बल्कि भारतीय गणतंत्र और लोकतंत्र की जीत है। पीएम मोदी ने रामनाथ कोविंद के राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान की मुलाकातों का भी जिक्र किया।

Related Articles