
बिच्छू डॉट कॉम। हिमाचल प्रदेश में शनिवार सुबह बड़ा सडक़ हादसा हुआ है। शिमला जिले के नावर क्षेत्र की दरोटी संपर्क सडक़ पर हुए दर्दनाक हादसे में मां-बेटे सहित पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। हादसा शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे हुआ है। मृतकों में दरोटी निवासी मां-बेटे के अलावा तीन नेपाली नागरिक शामिल हैं। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद शिमला रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार मां और बेटा शनिवार सुबह कार में नेपाली मजदूरों को घास काटने के लिए गांव लेकर जा रहे थे। इसी दौरान कार सडक़ से नीचे गिर गई। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक यह पहाड़ी सडक़ घुमावदार है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कार सडक़ के ऊपर वाले हिस्से से गिरकर नीचे पहुंच गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे और पुलिस को भी सूचित किया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला जिले के रोहड़ू पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत दरोटी के पनू नाला के समीप हुए सडक़ हादसे में पांच लोगों की मौत तथा एक व्यक्ति के घायल होने पर शोक व्यक्त किया है।
