सीडीएस बोले-कंप्यूटर नेटवर्क और दिमागी सूझबूझ से जीती जाएंगी जंग

सीडीएस

बिच्छू डॉट कॉम। भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने शनिवार को एक बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में युद्ध केवल जमीन, समुद्र या आसमान तक सीमित नहीं रहेंगे। अब भविष्य की लड़ाइयों में कंप्यूटर साइबर स्पेस और इंसानी दिमाग से खेलने वाली तकनीक यानी कॉग्निटिव वॉरफेयर भी एक साथ मिलकर काम करेंगी। अहिल्यानगर जिले में एक डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की शुरुआत करते हुए चौहान ने ये बातें कहीं। उन्होंने साफ शब्दों में समझाया कि आज के दौर का युद्ध अब सिर्फ सैनिकों की संख्या या पुराने पारंपरिक हथियारों के भरोसे नहीं लड़ा जा सकता। सीडीएस ने कहा कि आने वाले दिनों में लड़ाइयों का रूप पूरी तरह बदलने वाला है। अब एआई, ड्रोन, रोबोटिक्स, साइबर सिस्टम, खुद चलने वाले प्लेटफॉर्म, अंतरिक्ष की तकनीक और सटीक निशाना लगाने वाले आधुनिक हथियार ही जीत तय करेंगे। आने वाले समय में वही देश जीतेगा जिसके पास आधुनिक तकनीक होगी, काम में रफ्तार होगी और जो नए-नए आविष्कार करेगा। सीडीएस ने कहा-भविष्य में युद्ध के मैदान सिर्फ किसी जमीन के टुकड़े तक सीमित नहीं रहेंगे। अब यह लड़ाइयों के नेटवर्क, डिजिटल सिस्टम और साइबर ढांचे तक फैल चुके हैं। दुनिया में वही देश सबसे आगे रहेगा जो तेजी से नए आविष्कार करेगा, अपनी जरूरत का सामान खुद जल्दी बनाएगा और जिसकी सेनाएं इन नई तकनीकों को तेजी से सीखकर खुद को ढाल लेंगी।

Related Articles