
पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट बैठक में बुधवार को आर्थिक मामलों की समिति ने विपणन सत्र 2026-27 के लिए 14 खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि को मंजूरी दे दी है। सरकार ने वर्ष 2026-27 के विपणन सत्र के लिए खरीफ फसलों के एमएसपी में वृद्धि की है। सरकार ने खरीफ मार्केटिंग सीजन के लिए धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 72 रुपए बढ़ाकर 2,441 रुपए प्रति क्विंटल कर दिया। ताकि किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य मिल सके। वहीं कैबिनेट में 37,500 करोड़ रुपये से कोयला गैसीकरण परियोजनाओं को प्रोत्साहन देने की एक योजना को भी मंजूरी दी गई है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने फैसलों के बारे में जानकारी देते हुए कहा- कोयला गैसीकरण का एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। भारत में कोयले का प्रचुर भंडार है। अगले 200 वर्षों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए भारत के पास पर्याप्त कोयला है।
