यूपी में 22 किलो सोना-चांदी और 1.62 करोड़ मिला कैश

ललित कुमार

बिच्छू डॉट कॉम। यूपी आरटीओ से रिटायर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ललित कुमार तो कुबेर निकला। उसके खिलाफ दो वर्ष पहले दर्ज भ्रष्टाचार के केस में विजिलेंस विभाग ने सात और आठ जुलाई को छापा मारा तो संपत्ति देख टीम दंग रह गई। ललित के ठिकानों से 13 किलो सोना, नौ किलो चांदी और 1.62 करोड़ रुपए कैश मिले हैं। लग्जरी वाहन, भारी मात्रा में निवेश संबंधी दस्तावेज तथा कई चल-अचल संपत्तियों के रिकॉर्ड बरामद किए गए हैं। वहीं विजिलेंस की कार्रवाई को डीजीपी राजीव कृष्णा ने सराहा और टीम को एक लाख इनामी राशि की घोषणा की। कार्रवाई के दौरान टीम को ललित कुमार से जुड़े बंगले, कोठियां, दुकानें, मकान, खेत और अन्य संपत्तियों के कागजात भी मिले हैं।  विजिलेंस का दावा है कि तलाशी के दौरान घर के विभिन्न स्थानों पर छिपाकर रखी गई नकदी बरामद की गई। इसके अलावा सोने-चांदी के बिस्कुट, आभूषण और अन्य कीमती सामान भी मिले। केवल सोना, चांदी और नकदी का अनुमानित मूल्य ही 20 करोड़ है। सभी अचल संपत्तियों का अनुमानित मूल्य 13 करोड़ है। विजिलेंस के मुताबिक, अब तक की कार्रवाई में नकदी, सोना-चांदी और निवेश को मिलाकर बरामद संपत्तियों का कुल अनुमानित मूल्य 35 करोड़ रुपए आंका गया है। सभी संपत्तियों के सत्यापन चल रहा है।

Related Articles