
ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बहुत जल्द दोबारा खोले जाने का दावा किया है। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इसे ईरान और अमेरिका के बीच साइन हुए समझौते का हिस्सा बताया है। इसके तहत होर्मुज अगले 30 दिनों में ठीक उसी तरह खुल जाएगा, जैसा वो जंग से पहले था। बगदाद में इराकी विदेश मंत्री फुआद हुसैन के साथ एक जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में अराघची ने बताया कि ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से मौजूद सभी बाधाओं को हटा देगा। इसके साथ ही ईरानी मंत्री ने कहा कि होर्मुज का प्रबंधन पूरी तरह से ईरान के तय की गई व्यवस्था के तहत होगा। अराघची ने कहा- इसके लिए व्यवस्थाएं अपनाई और लागू की जा रही हैं। इसकी जिम्मेदारी पूरी तरह से इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान की है। ईरान और अमेरिका के बीच साइन हुए समझौते के तहत कोई दूसरी संस्था या देश इसकी जिम्मेदारी नहीं लेता है। ईरानी विदेश मंत्री ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के प्रबंधन में किसी भी बाहरी देश या संस्था के हस्तक्षेप को लेकर सख्त चेतावनी दी।
