
नीदरलैंड दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को डच पीएम रॉब जेटेन के साथ विश्व प्रसिद्ध अफ्सलाउटडाइक डैम का दौरा किया। इस दौरान भारत और नीदरलैंड के बीच वाटर मैनेजमेंट, फ्लड कंट्रोल, क्लाइमेट चेंज की चुनौतियों से निपटने और टिकाऊ बुनियादी ढांचे के विकास में सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। मोदी की नीदरलैंड की यह यात्रा उनकी चार देशों की यूरोप यात्रा का हिस्सा है, जिसमें स्वीडन, नॉर्वे और इटली भी शामिल हैं। पीएम मोदी ने डैम के दौरे के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा-वाटर मैनेजमेंट के क्षेत्र में नीदरलैंड ने दुनिया के सामने एक मिसाल पेश की है। पीएम मोदी ने कहा-पूरी दुनिया को नीदरलैंड के अनुभव और तकनीक से सीखने की जरूरत है। भारत वाटर मैनेजमेंट के इस आधुनिक तकनीक को अपनाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि सिंचाई व्यवस्था को मजबूत किया जा सके, बाढ़ से सुरक्षा सुनिश्चित हो और इनलैंड वाटर नेटवर्क का विस्तार किया जा सके। भारत और नीदरलैंड के बीच पहले से ही जल प्रबंधन और समुद्री तकनीक के क्षेत्र में सहयोग रहा है, लेकिन पीएम मोदी की इस यात्रा ने दोनों देशों के रिश्तों को नई दिशा देने का काम किया है. अधिकारियों के मुताबिक, दोनों देश भविष्य में जल तकनीक, क्लाइमेट रेजिलिएंस और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में संयुक्त परियोजनाओं पर काम कर सकते हैं. प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा को भारत के दीर्घकालिक जल सुरक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
