पाकिस्तान ने नापाक हरकत बंद नहीं की तो भूगोल से मिटा देंगे

भारत के सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को सख्त सैन्य संदेश देते हुए शनिवार को चेतावनी दी है कि अगर उसने भारत के खिलाफ आतंकवादियों को पनाह देना और अपनी नापाक हरकतें जारी रखीं, तो उसे तय करना होगा कि वह भूगोल का हिस्सा बने रहना चाहता है या इतिहास बनना चाहता है। यह बात दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर में आयोजित ‘सेना संवाद’ समारोह में उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसी स्थिति दोबारा बनने के सवाल पर कही। दरअसल, सेना प्रमुख से पूछा गया कि अगर पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर को जन्म देने वाली परिस्थितियां फिर से उत्पन्न होती हैं तो भारतीय सेना कैसे प्रतिक्रिया देगी। सवाल का जवाब देते हुए आर्मी चीफ ने कहा-पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर जैसी स्थिति फिर बनी तो भारतीय सेना उसी तरह या उससे भी मजबूत जवाब देगी। उनका यह संदेश पाकिस्तान के लिए साफ चेतावनी है कि भारत आतंकवाद बर्दाश्त नहीं करेगा। द्विवेदी का बयान पिछले साल की घटनाओं के एक साल बाद आया है। उन्होंने साफ कहा कि पाकिस्तान को फैसला करना होगा कि वह शांति और विकास का रास्ता चुनता है या आतंकवाद का समर्थन जारी रखता है। भारत हमेशा शांति चाहता है, लेकिन अगर पाकिस्तान आतंकवाद फैलाता रहा तो भारत उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा।

Related Articles