
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर प्रदेश में 30.77 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्तावों के दावे पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सरकार से इस दावे पर श्वेत पत्र जारी करने और निवेश आकर्षित करने के नाम पर खर्च किए गए 230 करोड़ का मदवार हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की है। पटवारी ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 30.77 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों का आंकड़ा घोषित किया था। सरकार ने इसे बड़ी उपलब्धि बताकर प्रचारित किया, लेकिन अब तक कितने प्रस्ताव वास्तविक निवेश में बदले और कितनी परियोजनाएं जमीन पर उतरीं, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। पटवारी ने पूछा कि 30.77 लाख करोड़ के प्रस्तावों में से कितना वास्तविक निवेश आया, कितनी परियोजनाओं में उत्पादन शुरू हुआ और कितने युवाओं को स्थायी रोजगार मिला।
