डीजीपी की रिटायरमेंट तारीख पर पेंच दो दिन के अंतर से बढ़ी हलचल

डीजीपी की रिटायरमेंट

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मप्र में नए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की नियुक्ति से पहले मौजूदा डीजीपी कैलाश मकवाना की सेवानिवृत्ति की तारीख को लेकर प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है। मामला 30 नवंबर और 2 दिसंबर 2026 के बीच का है, लेकिन इन दो दिनों के अंतर ने अगले पुलिस प्रमुख की नियुक्ति से जुड़े समीकरणों को अहम बना दिया है। इस बीच डीजी जेल डॉ. वरुण कपूर की ओर से नियमों को लेकर आपत्ति उठाए जाने की चर्चा भी सामने आई है। कैलाश मकवाना ने 2 दिसंबर, 2024 को मप्र के डीजीपी का पदभार संभाला था। उनकी निर्धारित सेवानिवृत्ति की तारीख 30 नवंबर 2026 बताई जा रही है। वहीं, पुलिस मुख्यालय की प्रशासन शाखा ने पदभार ग्रहण करने की तारीख के आधार पर उनकी सेवानिवृत्ति 2 दिसंबर 2026 तक माने जाने का प्रस्ताव गृह विभाग को भेजा है। अब इस प्रस्ताव पर सरकार के स्तर पर निर्णय होना है। पूरे मामले में मुख्य सवाल यह है कि सेवानिवृत्ति की तारीख तय करने के लिए सेवा संबंधी नियमों को आधार बनाया जाएगा या डीजीपी का पदभार संभालने की तारीख को। इस पर सरकार का निर्णय आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वरुण कपूर ने अधिकारियों के सामने रखी बात
इस घटनाक्रम में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और वर्तमान डीजी जेल डॉ. वरुण कपूर का नाम भी चर्चा में है। बताया जा रहा है कि उन्होंने मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल और गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय शुक्ला से मुलाकात कर डीजीपी की नियुक्ति से संबंधित नियमों पर अपनी बात रखी। उनकी आपत्ति पुलिस मुख्यालय की नोटशीट में प्रस्तावित सेवानिवृत्ति की तारीख को लेकर बताई जा रही है। फिलहाल, निगाहें गृह विभाग और सरकार के फैसले पर टिकी हैं। सेवानिवृत्ति की तारीख को लेकर स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही नए पुलिस महानिदेशक की नियुक्ति की आगे की प्रक्रिया को लेकर तस्वीर साफ हो सकेगी।

Related Articles