
- संजय पाठक पर जीतू पटवारी का सीधा हमला…
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मध्यप्रदेश के कटनी जिले के बरही में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा विधायक संजय पाठक पर बड़ा हमला बोला। जीतू पटवारी ने कहा कि देश में वोट चोरों, प्रदेश में भ्रष्टाचारियों और विजयराघवगढ़ में माफियाओं का शासन है। रविवार को बरही के विजय नाथ धाम में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने विधायक संजय पाठक को खनन माफिया बताते हुए गंभीर आरोप लगाए।
पेयजल और भ्रष्टाचार पर भी घेरा: पटवारी ने इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों और प्रदेश में जहरीली शराब से मौतों के मामलों का जिक्र कर सरकार की व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी कार्यालयों में बिना पैसे दिए आम लोगों के काम नहीं हो रहे हैं। हाल ही में नगरीय निकायों में उजागर हुए भ्रष्टाचार को लेकर उन्होंने मंच से ही डस्टबिन, फिनाइल और बल्ब दिखाते हुए बताया कि इन्हें कई गुना दामों पर भ्रष्टाचार करते हुए खरीदा गया है।
संजय पाठक पर जीतू पटवारी का गंभीर आरोप
जीतू पटवारी ने आरोप लगाते हुए कहा कि विधायक संजय पाठक ने आदिवासियों की जमीन छीनी है और सरकार के 500 करोड़ रुपए बकाया हैं। पटवारी ने दावा किया कि मामले में अदालत में केस चल रहा है और जांच को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि विधायक कब तक मुख्यमंत्री के पैर पकड़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि दो साल बाद कांग्रेस की सरकार बनेगी तो कथित खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, बकाया राशि वसूलने और आदिवासियों की जमीन वापस दिलाने के लिए कदम उठाए जाएंगे।
महानदी पुल का मुद्दा विधानसभा में उठाएंगे सिंघार
जनाक्रोश रैली में पहुंचे नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने महानदी पुल की समस्या विधानसभा में उठाने की बात कही। उन्होंने कहा कि पुल की स्थिति के कारण बड़े वाहन नहीं निकल पाते और लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। उन्होंने सरकार से पुल का निर्माण जल्द कराने की मांग उठाने का भरोसा दिया। कार्यक्रम में कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष सौरभ सिंह, वरिष्ठ नेता संदीप बाजपेई, नगर अध्यक्ष मोहित शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
