
- बिप्लब भोपाल नहीं आएंगे…
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मध्यप्रदेश में भाजपा की राजनीति में अगला सप्ताह अहम होने वाला है। इस सप्ताह पार्टी को राज्यसभा के लिए अपने प्रत्याशी के नाम पर मुहर लगानी है। इसके लिए प्रदेश संगठन भोपाल नहीं दिल्ली में मंथन करेगा और केन्द्रीय नेतृत्व की मंशानुरूप संभावित प्रत्याशी के नाम को तय करेगा। इसके लिए प्रदेश संगठन प्रभारी बिप्लब कुमार देव भी भोपाल नहीं आएंगे, अलबत्ता वे भी दिल्ली में ही इस मामले के निर्णय के सहभागी बनेंगे। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश की एक राज्यसभा सीट के उपचुनाव के लिए निर्वाचन प्रक्रिया प्रारम्भ है। इसके लिए अगले सप्ताह दिल्ली में अहम बैठक प्रस्तावित है। जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. यादव, प्रदेशाध्यक्ष खंडेलवाल और प्रदेशल महामंत्री चन्द्रशेखर तिवारी के अलावा प्रदेश संगठन प्रभारी बिप्लब कुमार देव भी मौजूद रहेंगे। पार्टी सूत्रों की माने तो इस बैठक से पहले केन्द्रीय नेतृत्व यह बता देगा कि मध्यप्रदेश से राज्यसभा किसे भेजा जाना है। ऐसे में क्या मध्यप्रदेश के किसी नेता को उम्मीदवार बनाना है या फिर केन्द्रीय पूल की इस सीट पर पहले की ही तरह किसी बाहरी नेता को भेजकर चुनावी और राजनीतिक समीकरण को साधा जाना है। केन्द्रीय मंत्री हरदीप पुरी को उत्तरप्रदेश के स्थान पर इस बार मप्र से राज्यसभा भेजा जा सकता है। वर्तमान में पुरी यूपी से राज्यसभा के सदस्य है, जिनका कार्यकाल नवम्बर 2026 को समाप्त हो रहा है। हालांकि जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी फाइलों को लेकर उनकी तस्वीरें सामने आ रही है, उससे केन्द्रीय नेतृत्व फैसला लेने से पहले विचार विमर्श करेगा।
विधायक बनेंगे प्रस्तावक: दरअसल विधानसभा में संख्या बल के आधार पर इस उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी का राज्यसभा जाना तय है, ऐसे में मतदान जैसी स्थिति निर्मित नहीं होगी, लेकिन नियमानुसार पार्टी के विधायकों द्वारा प्रत्याशी के नामांकन पत्र में बतौर प्रस्तावक हस्ताक्षर कराए जाते है। राज्यसभा उपचुनाव में भाजपा की जीत तय है। ऐसे में उसके लिए प्रत्याशी का चयन करने में ज्यादा सोच-विचार नहीं करना पड़ेगा, अलबत्ता नाम तय करने के दौरान पार्टी राजनीतिक समीकरण और संभावित रणनीतियों को आगे रखकर ही मंथन करेगी। पार्टी के सामने यह विकल्प है कि वह किसी स्थानीय नेता को टिकट दे या फिर किसी राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख चेहरे (बाहरी राज्यों से) को मैदान में उतारे।
इसी सप्ताह तय होगा नाम
सूत्रों की माने तो राज्यसभा के लिए प्रत्याशी के नाम पर भाजपा अगले सप्ताह में निर्णय ले सकती है। दरअसल इस उपचुनाव के लिए नामांकन भरने की अंतिम तारीख 2 नवम्बर है, लेकिन उससे पहले ही भाजपा प्रत्याशी के नाम पर सहमति बना लेना चाहती है। बताया गया है कि यदि हरदीप पुरी या दूसरे किसी बाहरी नेता के नाम पर अंतिम लगती है, तो प्रदेश संगठन प्रभारी बिप्लब कुमार देव उन्हें साथ लेकर भोपाल आएंगे। इसी दौरान उनकी मुलाकात पार्टी के विधायकों के साथ होगी, जो 28 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक विधानसभा सचिवालय में नेशनल ई-विधान एप्लिकेशन (नेवा) का प्रशिक्षण लेने भोपाल में मौजूद रहेंगे।
