
बिच्छू डॉट कॉम। मप्र कर्मचारी चयन मंडल ने समूह 3 संयुक्त भर्ती परीक्षा-2026 (द्वितीय) की संशोधित नियम पुस्तिका जारी कर दी है। इसके अनुसार उपयंत्री, मानचित्रकार, प्रयोगशाला तकनीशियन और अन्य समकक्ष पदों के लिए परीक्षा अब 20 जनवरी 2027 से शुरू होगी। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 13 अक्टूबर से शुरू होगी। अभ्यर्थी 27 अक्टूबर तक आवेदन कर सकेंगे, जबकि आवेदन पत्र में संशोधन की अंतिम तारीख 28 अक्टूबर है। नियम पुस्तिका में परीक्षा की तारीख और पदों से संबंधित कुछ विवरणों में बदलाव किया है। संशोधित नियम पुस्तिका में जनजातीय कार्य विभाग की ओर से पहले विज्ञापित पदों में वृद्धि तथा जल संसाधन विभाग के पदों पर संविदा कर्मियों के लिए 50 प्रतिशत पद आरक्षित करने के बाद उपलब्ध कराई गई आरक्षण तालिका के अनुसार संशोधित पृष्ठ जारी किए गए हैं। मंडल ने अभ्यर्थियों के लिए आधार पंजीयन और परीक्षा केंद्र पर मूल फोटो युक्त पहचान पत्र अनिवार्य किया है। परीक्षा 20 जनवरी से दो पालियों में होगी। पहली पाली में अभ्यर्थियों को सुबह 7 से 8 बजे तक केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा।
